उदयपुर में सातवीं बार बनेगा भाजपा का बोर्ड : 53 सीटों पर बीजेपी, 23 में कांग्रेस और 4 निर्दलीय-माकपा जीते

ram

उदयपुर। उदयपुर में नगर निगम के सभी 80 वार्डों का रिजल्ट आ चुका है। यहां सातवीं बार बीजेपी का बोर्ड बन रहा है। 80 वार्डों में से 53 में बीजेपी, 23 वार्डों में कांग्रेस, 1 माकपा और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा के वार्ड 60 में भाजपा की बागी खुशबू मेहता निर्दलीय चुनाव जीत गई हैं। वार्ड 61 से निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रा मीणा विजयी रही हैं। और वार्ड 11 से निर्दलीय कमलेश बोराणा भी जीत गए हैं।

बड़े परिणामों की बात करें तो यहां पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. गिरिजा के भाई की बहू डा. हितांशी शर्मा चुनाव जीत गई हैं। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के दोनों दामाद के भाई अतुल चंडालिया और आकाश वागरेचा भी चुनाव जीत गए है। भाजपा के मेयर पद के दावेदार प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, अतुल चंडालिया भी चुनाव जीत चुके हैं।

उदयपुर के वार्ड नंबर 73 से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ गिरिजा व्यास की भतीजा बहू डॉ हितांशी शर्मा ने भाजपा की लवली जैन को हराया। इसी वार्ड को लेकर उदयपुर शहर के भाजपा विधायक ताराचंद जैन ने आयड़ इलाके को मिनी पाकिस्तान बताया था। जब ताराचंद जैन वोटिंग के दिन वहां पर गए थे तब भी उनको यहां से कांग्रेस समर्थक कार्यकर्ताओं ने लौटाया था। इसी प्रकार कांग्रेस के उदयपुर शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी डा. पूनम कुंवर भी वार्ड 17 से चुनाव जीत गई है। कांग्रेस नेता अरुण टांक और ब्लॉक अध्यक्ष शंकर चंदेल भी जीत गए है।

सबसे टक्कर वाले वार्ड में भी बीजेपी जीती

वार्ड 75 से भाजपा के पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत, वार्ड 76 से भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष कविता जोशी, वार्ड 5 से भाजपा के आकाश वागरेचा और वार्ड 80 से भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ भी चुनाव जीत गए है।

उदयपुर के सूरजपोल स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय (RCA) में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई थी। इस दौरान चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों को उनके समर्थकों ने मालाओं से लाद दिया। भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और पूर्व मेयर रजनी डांगी एक- एक वार्ड के परिणाम पर मतगणना स्थल पर अपडेट ले रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *