कालीमोरी घटना के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे पुलिस, कानून व्यवस्था पर सरकार दे जवाब : टीकाराम जूली

ram

अलवर। कालीमोरी में तीन युवाओं की मौत की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने घटना को बेहद पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। जूली ने कहा कि जिस घटना में तीन युवाओं की जान चली गई, उसने पूरे अलवर को झकझोर कर रख दिया है। तीन परिवारों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे कठिन समय में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा दिलाया जाए और घटना के जिम्मेदार लोगों को कानून के शिकंजे में लाया जाए। उन्होंने कहा कि घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार मौके पर छोड़ी गई है, सीसीटीवी फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है और पुलिस में नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी समझ से परे है। पुलिस को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए। जूली ने कहा कि सवाल सिर्फ तीन युवाओं की मौत का नहीं, बल्कि अलवर की बिगड़ती कानून व्यवस्था का भी है। आमजन के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि कालीमोरी घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए तथा अलवर शहर में कानून-व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *