ग्रामीणों को विकास की सौगात के बीच जूली का बड़ा सियासी दावा: मालाखेड़ा, बहादुरपुर और अलवर में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा

ram

अलवर। अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने एक ओर जहां ग्रामीणों को विकास की सौगात दी, वहीं दूसरी ओर नगर निकाय चुनाव के बाद बड़ा राजनीतिक दावा किया है।जूली ने कहा कि मालाखेड़ा और बहादुरपुर नगर पालिका सहित अलवर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है। जूली ने शुक्रवार को खारेड़ा, बालेटा और कैरवाड़ा गांवों में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। जूली ने कहा कि अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को महानगर की तर्ज पर विकसित करने का उनका सपना अब धीरे-धीरे हकीकत में बदल रहा है।

हर जरूरत को पूरा करना उनकी प्राथमिकता
विधायक जूली ने कहा कि ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। क्षेत्र की प्रत्येक जरूरत को चिन्हित कर उसके समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मालाखेड़ा नगर पालिका में जिला स्तरीय सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अब छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए अलवर शहर के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और ग्रामीण क्षेत्र के विकास की एक बड़ी रूपरेखा तैयार कर उसे धरातल पर उतारा जा रहा है।

तीन गांवों को इंटरलॉकिंग और सीसी सड़कों की सौगात
जूली ने बालेटा, कैरवाड़ा और खारेड़ा में इंटरलॉकिंग और सीसी सड़कों का उद्घाटन किया। वही कैरवाड़ा में श्मशान घाट की चार दीवारी निर्माण कार्य, नवसृजित पंचायत कैरवाड़ा के भवन निर्माण का उद्घाटन तथा अटल ज्ञान केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और समय की भी बचत होगी। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए जूली का आभार जताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है।

जनता ने भाजपा को दे दिया जवाब
नगर निकाय चुनाव को लेकर जूली ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव में तमाम हथकंडे अपनाए, लेकिन जनता ने एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर अपना फैसला सुना दिया है जो आगामी 14 सितम्बर को सबके सामने होगा। जूली ने कहा कि जनता द्वारा चुनी गई सरकारों को गिराने और खरीद-फरोख्त की राजनीति करने वाली भाजपा को इस बार जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि मालाखेड़ा, बहादुरपुर और अलवर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि उसके अपने कार्यकर्ता भी परेशान हैं। यही कारण है कि निकाय चुनाव में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिला है।

विकास के मुद्दे पर जनता हमारे साथ : जूली
जूली ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रहे विकास कार्य इस बात का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने मतदान के माध्यम से अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और अब निकायों में कांग्रेस मजबूत स्थिति के साथ बोर्ड बनाएगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान शिवलाल गुर्जर,संजीव बारेठ,शम्मा प्रधान,हजारीलाल मीणा, अलाऊ,जगदीश,इंद्र मीणा,विजय चौधरी, मन्नू मीणा,बी एल मीणा,साजिद,इलियास,धारा सिंह,रहमत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *