बालोतरा। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को नगर परिषद बालोतरा सहित नगर पालिका सिवाना, सिणधरी एवं धोरीमन्ना में मतदान हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में समाज के हर वर्ग ने उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के दौरान जिले में लोकतांत्रिक सहभागिता की अनेक प्रेरणादायी तस्वीरें देखने को मिलीं। दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, नव मतदाताओं एवं नव दंपतियों ने उत्साह के साथ मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान किया। ग्रामीण परिवेश में भी मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
व्हील चेयर से लेकर गोद में उठाकर मतदान केन्द्र तक पहुंचाया
मतदान को सुगम और समावेशी बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड एवं स्काउट दल के विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन कार्मिकों एवं स्वयंसेवकों ने विशेष योग्यजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने में सहयोग किया। व्हील चेयर पर आने वाले मतदाताओं को मतदान कक्ष तक पहुंचाने तथा मतदान में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य भी पूरी संवेदनशीलता के साथ किया गया। मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था की भावुक तस्वीरें भी सामने आईं। बुजुर्ग माताओं को उनके परिजन एवं सहयोगी गोद में उठाकर मतदान केन्द्र तक लेकर पहुंचे, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। यह दृश्य लोकतंत्र में आमजन की गहरी आस्था और मतदान के महत्व को दर्शाने वाला प्रेरणादायी उदाहरण बना।
महिलाओं और नव मतदाताओं में दिखा उत्साह
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं मतदान केन्द्रों पर पहुंचीं और उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं नव मतदाताओं ने पहली बार मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। नव दंपतियों ने भी मतदान को अपनी नई जिम्मेदारियों के साथ लोकतांत्रिक कर्तव्य के रूप में प्राथमिकता दी। दिव्यांग मतदाताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक मतदान कर समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायी संदेश दिया।
मतदान बना जनभागीदारी और संवेदनशीलता का उत्सव
मतदान केन्द्रों पर पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं स्काउट दल के विद्यार्थियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव के साथ मतदाताओं की सहायता की। नगर निकाय चुनाव के दौरान सामने आई ये तस्वीरें बताती हैं कि लोकतंत्र केवल मतदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे की मदद और जिम्मेदारी निभाने की भावना भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है। समाज के हर वर्ग की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने मतदान दिवस को जनभागीदारी, सेवा भावना और लोकतंत्र के प्रति आस्था का उत्सव बना दिया।

लोकतंत्र के महापर्व पर समाज के हर वर्ग ने उत्साह से निभाई सहभागिता
ram


