डीआरसी कांगो में दर्दनाक हादसा : स्कूलों में भीषण आग के बाद मची भगदड़, 24 बच्चों की मौत

ram

बुकावू। पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो (DRC) के बुकावू शहर में दो स्कूलों में अचानक भड़की भीषण आग और उसके बाद मची अफरा-तफरी में कम से कम 24 स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग की लपटों से बचने के लिए मची भगदड़ और झुलसने के कारण बच्चों के साथ-साथ कुछ वयस्कों की भी जान गई है। यह भीषण त्रासदी घनी आबादी वाले कदूतू समुदाय क्षेत्र में हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूलों के आसपास बने करीब 300 रिहायशी मकान भी जलकर पूरी तरह राख हो गए। हादसे में घायल दर्जनों बच्चों और स्थानीय निवासियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल के फर्श पर दर्द से कराहते घायल बच्चों के वीडियो और तस्वीरें विचलित करने वाली हैं। आग के कारणों की जांच जारी, बढ़ सकता है आंकड़ा
विद्रोहियों द्वारा नियुक्त स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार शाम 24 बच्चों की मौत की पुष्टि की। हालांकि, मलबे और टिन की चादरों से बने ढांचों की सघन तलाशी अभी जारी है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण किवू प्रांत की राजधानी बुकावू देश के सबसे घनी आबादी वाले पहाड़ी शहरों में से एक है, जिस पर एम23 (M23) विद्रोहियों का कब्जा बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *