सीईओ ने की ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभागीय योजनाओं की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

ram

बूंदी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की प्रमुख योजनाओं में प्रगति की समीक्षा बैठक सोमवार को जिला परिषद स्थित कक्ष में मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत प्रस्तावित, स्वीकृत व प्रगतिरत कार्यो की समीक्षा की तथा आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों की आम समस्याओं जैसे नाली, सड़क, पानी, श्मशान सहित अन्य आवश्यक कार्यो की स्वीकृतियां पंचायतीराज आचार संहिता लगने से पहले नियमानुसार स्वीकृत करवाकर कार्य प्रारंभ करवाये जावे। सांसद व विधायक कोष के तहत प्रस्तावित कार्य जिन्हें नियमानुसार करवाया जाना संभव नहीं हो तो संबंधित माननीय लोकसभा व विधानसभा सदस्य को समय पर अवगत करवाया जाना सुनिश्चित किया जावे।

उन्होंने विकसित भारत- जीरामजी योजना के संबंध में निर्देश दिए कि पंचायती राज आचार संहिता के दौरान ग्राम पंचायतों में श्रमिकों को नियमित रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त संख्या में कार्य स्वीकृत करवा लिए जावे। किसी भी ग्राम पंचायत में श्रमिक नियोजन नहीं होने पर संबंधितों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में अटल ज्ञान केन्द्रों का निर्माण कार्य करवाया जाना है, उन केन्द्रों में ग्रामीण पुस्तकालय निर्माण का कार्य भी स्वीकृत करवाया जावे। वित्तीय स्वीकृति प्राप्त समस्त कार्यों को तत्काल प्रारंभ करवाया जावे। जिला स्तर पर जांच उपरांत प्रस्तावों में प्राप्त कमियों की तत्काल पूर्ति करवाई जावे। श्रमिकों को समय पर राशि का भुगतान करवाया जावे।

उन्होंने निर्देश दिए स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण) योजना के तहत सामुदायिक स्वच्छता कॉम्पलेक्स व व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्यो के भुगतान में तेजी लाई जावे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के जॉब कार्ड व आधार कार्ड का वेरिफिकेशन करवाकर प्रथम किस्त जारी करते हुए तत्काल मस्टररोल जारी करवाकर कार्य प्रारंभ करवाये जावे। विकास अधिकारी डांग योजना के तहत स्वीकृत कार्यो की नियमित समीक्षा कर विभागीय निर्देशानुसार आवश्यक प्रगति लावे। उन्होंने पीएम स्वनिधि, एफएफसी, एसएफसी योजनाओं सहित बजट घोषणा 2025-26 व मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2026-27 की भी कार्यवार विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मज़हर इमाम, अधीक्षण अभियंता प्रियवृत सिंह, अधिशाषी अभियंता संजय कुमार मोदी, सहायक अभियंता कुशाल मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *