राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, 12 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को 12 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे पहले बीते 24 घंटे में जयपुर समेत 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान करौली के सपोटरा में सबसे ज्यादा 47 मिमी बारिश मापी गई।

बारिश के कारण प्रदेश के कई बांधों में पानी की आवक बढ़ गई है। झालावाड़ में कालीसिंध नदी में लगातार पानी आने के बाद बांध का एक गेट खोलकर करीब 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं कोटा में बने नवनेरा बांध से भी तीन गेट खोलकर 25 हजार क्यूसेक से अधिक पानी की निकासी की जा रही है। कोटा बैराज, जवाहर सागर, बीसलपुर, ईसरदा, गालवा और गुढ़ा बांध में भी पानी की आवक जारी है, जिससे इनका जलस्तर बढ़ा है।

पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली, कोटा, झालावाड़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सिरोही में बारिश हुई। पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी बरकरार है। बुधवार को श्रीगंगानगर में प्रदेश का सबसे अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। बीकानेर में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

बीसलपुर बांध में भी पानी की आवक जारी है। त्रिवेणी नदी का जलस्तर 2.30 मीटर से अधिक रहने के कारण बुधवार को बांध का गेज करीब 4 सेंटीमीटर बढ़ गया। कोटा बैराज, जवाहर सागर, ईसरदा, गालवा, पार्वती और गुढ़ा बांधों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय जम्मू, देहरादून और शाहजहांपुर से होते हुए दक्षिणी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश, रांची और दीघा से बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। उत्तर भारत में मानसून ट्रफ की स्थिति के कारण राजस्थान में मानसून गतिविधियां फिलहाल बनी रहेंगी, लेकिन इसके बाद इनमें कमी आने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 28 अगस्त से राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां काफी कम रह सकती हैं। आसमान साफ रहने और हल्की धूप निकलने के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *