जयपुर। राजस्थान में ट्रस्ट की ओर से संचालित होने वाले पहले अस्पताल के रूप में माहेश्वरी समाज ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम बढ़ाया है। शिक्षा के क्षेत्र में 100 साल की विरासत के बाद अब माहेश्वरी शिक्षा समिति 600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 600 बेड का अत्याधुनिक बहुविशेषता अस्पताल बनाने जा रही है। मानसरोवर के गणपतपुरा में 20,243 वर्गगज भूमि पर विकसित होने वाले माहेश्वरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर से जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 5 लाख लोगों को रियायती दरों पर विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। प्रकल्प को दो साल में पूरा किया जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने शनिवार को बिरला ऑडिटोरियम में प्रकल्प के शिलान्यास समारोह में कहा कि माहेश्वरी समाज शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भी ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने समाजबंधुओं से आवश्यकता से अधिक धन संग्रह करने के बजाय समाजसेवा में सक्रिय योगदान देने की अपील की। बिड़ला ने इस प्रकल्प को समाज के साथ व्यापक जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।
तीन मंजिला बेसमेंट, 11 मंजिल का अस्पताल
परियोजना चेयरमैन बजरंग लाल बाहेती ने बताया कि प्रकल्प में 600 बेड का अत्याधुनिक बहुविशेषता अस्पताल बनाया जाएगा। अस्पताल के साथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल महाविद्यालय भी संचालित होंगे। प्रस्तावित भवन में तीन मंजिला बेसमेंट और 11 मंजिल का अस्पताल होगा। करीब 2,000 वर्गगज में भगवान महेश का भव्य मंदिर भी बनाया जाएगा।
5 लाख लोगों को रियायती इलाज, 1200 रोजगार के अवसर
अस्पताल से जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 5 लाख निवासियों को रियायती दरों पर विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ करीब 200 लोगों को प्रत्यक्ष और 1,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
100 साल की शिक्षा सेवा के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में कदम
माहेश्वरी शिक्षा समिति के अध्यक्ष उमेश सोनी ने बताया कि समिति ने शिक्षा के क्षेत्र में 100 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पूरी की है। जयपुर में समिति के 10 अत्याधुनिक विद्यालयों में करीब 23,000 विद्यार्थियों को न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी सेवा भावना को स्वास्थ्य क्षेत्र तक विस्तार देते हुए यह प्रकल्प शुरू किया गया है। उन्होंने समाजबंधुओं और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों से सीएसआर के माध्यम से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
देशभर से सहयोग जुटाएगा समाज
श्री सीमेन्ट के चेयरमैन हरि मोहन बांगड ने माहेश्वरी समाज की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने प्रकल्प को पूरा कराने के लिए पूरे भारतवर्ष से सहयोग जुटाने का आश्वासन दिया। शनिवार सुबह गणपतपुरा में भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। इसके बाद सुबह 11:15 बजे बिरला ऑडिटोरियम में शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी, चेयरमैन (भवन) कैलाश चन्द्र परवाल, उपाध्यक्ष (शिक्षा) निर्मल दरगड, महासचिव शिक्षा कमल सोमानी, कोषाध्यक्ष अरूण कुमार मालू, महामंत्री (समाज) सीए रोहित परवाल, परियोजना सचिव श्याम सुन्दर भण्डारी एवं मनोज भूतडा सहित समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अंकुर बल्लभ चितलांग्या एवं प्रिंसा बांगड ने किया।



