RIICO: औद्योगिक क्षेत्रों में अब 3 वर्ष के स्थान पर 7 वर्ष के रखरखाव के लिए एजेंसियों को सौंपे जाएंगे पार्क

ram

जयपुर। औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में रीको द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में औद्योगिक क्षेत्रों एवं आवासीय कॉलोनियों में स्थित पार्क, गार्डन, रोटरी, सर्किल, मीडियन, डिवाइडर एवं रोडसाइड प्लांटेशन आदि के दीर्घकालिक विकास एवं रखरखाव के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब इन हरित क्षेत्रों को संबंधित एजेंसियों को 3 वर्ष के स्थान पर प्रारंभिक रूप से 7 वर्ष की अवधि के लिए सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मानना है कि प्रकृति मानव जीवन के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराती है और इसलिए पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल किया जाना आवश्यक है। इसी सोच के अनुरूप औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्रों के संवर्धन को सुनिश्चित करने के लिए रीको द्वारा यह पहल की गई है। वर्तमान में लागू 23 मार्च, 2018 के दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित पार्क अथवा हरित क्षेत्र को किसी एजेंसी को प्रारंभिक रूप से 3 वर्ष की अवधि के लिए सौंपे जाने का प्रावधान है। रीको द्वारा पौधरोपण के विकास एवं संरक्षण की समीक्षा के दौरान यह महसूस किया गया कि पौधों के पूर्ण विकास, बेहतर संरक्षण तथा उनके दीर्घकालिक अस्तित्व के लिए तीन वर्ष की अवधि पर्याप्त नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्क, गार्डन, रोटरी, सर्किल, मीडियन, डिवाइडर एवं रोडसाइड प्लांटेशन आदि के विकास एवं रखरखाव को अधिक प्रभावी और दीर्घकालिक बनाने के लिए संबंधित एजेंसी को अब प्रारंभिक रूप से 7 वर्ष की अवधि के लिए जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार प्रारंभिक 7 वर्ष की अवधि के बाद आपसी सहमति के आधार पर इसे 14 वर्ष तक और बढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए दो चरणों में, प्रत्येक चरण में 7 वर्ष की अवधि बढ़ाने का प्रावधान होगा। अवधि बढ़ाने का निर्णय संबंधित एजेंसी द्वारा किए गए विकास एवं रखरखाव कार्यों की प्रगति, निर्धारित शर्तों के अनुपालन तथा कार्य की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए रीको एवं संबंधित एजेंसी की आपसी सहमति से किया जाएगा। रीको द्वारा राज्य सरकार के ‘मिशन हरयालो राजस्थान’ के तहत प्रदेश के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में तीन लाख से अधिक वृक्षारोपण किया गया। वहीं वर्ष 2026-27 में अब तक लगभग तीन लाख वृक्षारोपण किया जा चुका है। रीको ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में लगभग 5 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। रीको का यह निर्णय औद्योगिक क्षेत्रों एवं आवासीय कॉलोनियों में हरित क्षेत्रों के बेहतर विकास, पौधों के संरक्षण तथा दीर्घकालिक रखरखाव को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लंबी अवधि के लिए जिम्मेदारी मिलने से संबंधित एजेंसियों को पौधों के पूर्ण विकास, हरित क्षेत्रों के संवर्धन तथा उनके समुचित रखरखाव के लिए अधिक प्रभावी एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही संबंधित एजेंसियों को भी कार्बन क्रेडिट लेने में फायदा मिलेगा और ज्यादा से ज्यादा एजेंसियां पर्यावरण संरक्षण के इस कार्य में सम्मिलित होंगी। यह पहल औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने के साथ-साथ प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने और स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त औद्योगिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *