जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने प्रदेशभर में सघन निरीक्षण और कार्रवाई की। अभियान के दौरान जयपुर में 6,900 लीटर संदिग्ध मूंगफली तेल सीज किया गया। वहीं, विभिन्न जिलों में करीब 1,150 किलो/लीटर दूषित एवं अमानक खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गायत्री राठौड़ ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रदेशभर में 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 101 नमूने लिए गए। इनमें 54 प्रवर्तन नमूने और 47 निगरानी नमूने शामिल हैं। जयपुर में 6,900 लीटर संदिग्ध तेल सीज मुख्यालय की केंद्रीय टीम ने गोविंद नगर स्थित मैसर्स श्री श्याम वेजिटेबल का औचक निरीक्षण किया। टीम ने यहां ‘कुंदन पोस्टमैन’ ब्रांड के रिफाइंड और फिल्टर मूंगफली तेल के नमूने लिए। बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बिक्री किए जाने के कारण मिलावट की आशंका हुई। इस पर 6,900 लीटर तेल सीज किया गया। नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान – जयपुर में 6,900 लीटर संदिग्ध मूंगफली तेल सीज
ram


