‘समाधान’ पहल से 6 पात्र परिवारों को मिला त्वरित लाभ

ram

बारां। जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ‘समाधान’ अभियान के तहत जरूरतमंद पात्रों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा की दूरदर्शिता और संवेदनशील पहल पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों पर उसी दिन कार्यवाही कर पात्रों को राहत दी गई। आर्थिक रूप से कमजोर, वृद्धजन, दिव्यांग एवं एकल महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया गया।
‘समाधान’ के अंतर्गत निस्तारित प्रमुख प्रकरण-
1. ग्राम श्यामपुरा निवासी शांतिबाई पत्नी स्व. जगन्नाथ गुर्जर-प्रार्थिया आंखों से तथा दोनों हाथ-पैरों से दिव्यांग है। परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। 7 माह से सत्यापन के अभाव में रूकी हुई वृद्धावस्था पेंशन को जनाधार में डाटा अपडेट करवाकर उसी दिन पुनः चालू करवाया गया। साथ ही बकाया भुगतान की स्वीकृति जारी की गई।
2. ग्राम खैरूना, तहसील किशनगंज निवासी हजारीलाल एवं पत्नी कमला बाई-दोनों पति-पत्नी दिव्यांग हैं। 8 माह से बंद दिव्यांग पेंशन के संबंध में प्रार्थना पत्र देने पर विभागीय टीम ने व्यक्तिगत संपर्क कर दोनों की पेंशन पुनः चालू करवाकर शीघ्र भुगतान की स्वीकृति जारी की।
3. ग्राम मानपुरा, तहसील छीपाबड़ौद निवासी जितेन्द्र पुत्र जोधराज-चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांग बालक। जनसुनवाई में ट्राईसाईकिल की मांग पर उसी दिन प्रकरण स्वीकृत कर ट्राईसाईकिल वितरित की गई।
4. ग्राम कोहनी, तहसील छीपाबड़ौद निवासी अनिता बाई-विधवा महिला। विधवा पेंशन एवं बच्चों के पालनहार योजना हेतु आवेदन पर उसी दिन विधवा पेंशन ऑनलाइन कर स्वीकृत की गई। बच्चों के पालनहार प्रकरण में समस्त दस्तावेज शीघ्र तैयार कर ऑनलाइन करने की कार्यवाही की जा रही है।
5. ग्राम सोनवा, तहसील मांगरोल निवासी सोहनी बाई पत्नी मदनलाल-पालनहार योजना के तहत सहायता राशि की मांग पर बच्चों के अध्ययन प्रमाण पत्र तैयार कर सत्र 2026-27 के भुगतान हेतु सत्यापन कर स्वीकृति जारी की गई।
6. ग्राम मोठपुर, तहसील अटरू निवासी रानी सोनी पत्नी दयाशंकर-मूक-बधिर होते हुए भी परिवार की जिम्मेदारी निभा रही हैं। विभाग द्वारा संपर्क कर पालनहार योजना में आवेदन ऑनलाइन कर स्वीकृत किया गया।
जिला कलक्टर की इस संवेदनशील पहल से सभी लाभार्थियों को समय पर आर्थिक संबल मिला है। सभी लाभार्थियों ने जिला प्रशासन और ‘समाधान’ अभियान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और ‘समाधान’ के माध्यम से हर समस्या का त्वरित समाधान हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *