झालावाड़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) के ऑडिटोरियम में सांय 6.30 बजे से किया जाएगा।
इस विशेष आयोजन में जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देंगे तथा देशभक्ति से प्रेरित गायन की आकर्षक प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंग देंगे। कार्यक्रम में भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को समर्पित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
यह सांस्कृतिक संध्या स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी के साथ मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करना तथा युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने झालावाड़ शहर के समस्त नागरिकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने तथा स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय उत्सव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।


