नई दिल्ली। मंगलवार को संसद पुस्तकालय में आयोजित ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एनडीए सांसदों की बैठक वंदे मातरम के नारों के साथ शुरू हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के अन्य नेता तिरंगा लहराते नजर आए। बैठक में सांसदों ने एकजुटता का संदेश देते हुए तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
विपक्ष के गतिरोध के खिलाफ संसद तक मार्च
‘मंगल मिलन’ के बाद एनडीए सांसद संसद भवन की ओर मार्च निकालेंगे। यह मार्च मानसून सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा पैदा किए गए लगातार गतिरोध के विरोध में है। विपक्ष जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर सदन का कामकाज बाधित कर रहा है। एनडीए सांसद ऐसे प्लेकार्ड लेकर चलने वाले हैं, जिनमें लिखा होगा कि गृह मंत्री अमित शाह छात्र विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा के लिए तैयार हैं, जबकि विपक्ष संसद में बहस से कतरा रहा है। इसके अलावा सांसदों के हाथों में झारखंड सरकार को लेकर भी पोस्टर होंगे, जिनमें झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर अत्याचार का मुद्दा उठाया जाएगा।
रिजिजू का राहुल गांधी पर निशाना
इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि अब उन्हें संसद से ‘भागना’ नहीं चाहिए। रिजिजू का आरोप है कि राहुल गांधी कई दिनों से अमित शाह से जवाब की मांग कर रहे थे। अब जब गृह मंत्री हर बिंदु पर विस्तार से जवाब देने को तैयार हैं, तो कांग्रेस नेता को सदन में उपस्थित रहकर चर्चा में भाग लेना चाहिए। रिजिजू ने सोशल मीडिया पर लिखा, “राहुल गांधी कई दिनों से गृह मंत्री अमित शाह जी से जवाब की मांग कर रहे थे। अब जब गृह मंत्री हर बिंदु पर विस्तार से जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो उन्हें भागना नहीं चाहिए।” उन्होंने लोकसभा में भी कई बार राहुल गांधी से आग्रह किया था कि वे सीधे अमित शाह का सामना करें और अपने सवाल सदन में रखें।
सरकार का प्रस्ताव: पूरी चर्चा और शाह का जवाब
छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर संसद में बार-बार बाधा आ रही है। विपक्ष जवाब मांग रहा है, जबकि सरकार ने अब इस मुद्दे पर पूरी चर्चा का प्रस्ताव रखा है। चर्चा के बाद गृह मंत्री अमित शाह सरकार का पक्ष रखने वाले हैं। केंद्र इस रुकावट को दूर कर सदन का कामकाज सुचारू रूप से चलाने की कोशिश कर रहा है।
पिछली बैठक में विकास और उपलब्धियों पर चर्चा
पिछले सप्ताह हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद भाजपा सांसदों ने पत्रकारों से बातचीत की थी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों, रोजगार, खेल, आर्थिक विकास और संसद की कार्यवाही को लेकर अपनी बात रखी थी। साथ ही विपक्ष पर संसद की कार्यवाही को बाधित करने का आरोप भी लगाया था।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा था कि भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। रोजगार के क्षेत्र में देश की स्थिति लगातार मजबूत हुई है। रोजगार का अनुपात अन्य देशों की तुलना में बेहतर हुआ है और बेरोजगारी में भी कमी आई है। 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो सरकार की नीतियों का परिणाम है।
खेलों में भारत की चमक और आर्थिक तरक्की
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बताया था कि बैठक में देश में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष संसद में लगातार हंगामा कर रहा है और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दे रहा है। बैठक में सभी सांसदों ने यह तय किया था कि संसद की कार्यवाही के दौरान उनकी उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित रहेगी, ताकि सरकार आवश्यक विधेयकों को पारित करा सके। भाजपा के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल ने कहा था कि बैठक में खेलों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा था कि यूपीए सरकार के दस वर्षों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले पिछले दस वर्षों की तुलना करें तो सकारात्मक बदलाव साफ दिखता है। खेलों में भारत की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हुई है।
विपक्ष पर संसद बाधित करने का आरोप
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा था कि देश आर्थिक और सामाजिक विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। बैठक में सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि, रोजगार और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों पर चर्चा हुई। उन्होंने भी विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर विपक्ष संसद को सुचारू रूप से क्यों नहीं चलने दे रहा है।



