जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संचालित ’हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अलवर जिले के शहीद स्मारक से होप सर्कस तक निकाली गई दुपहिया वाहन तिरंगा रैली को रवाना कर रैली में तिरंगा ध्वज हाथ में लेकर स्वयं सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन भी किया। वन राज्यमंत्री शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के स्वतंत्रता सेनानियों व देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए बहादुर सैनिकों को नमन करने व उनसे प्रेरणा लेने का अभियान है। उन्होंने कहा कि नागरिकों में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अपार उत्साह है और इस अभियान में हर वर्ग के व्यक्ति बढ-चढकर भाग ले रहे हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराए तथा हर घर तिरंगा अभियान के कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता निभाकर स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाएं। इस दौरान बडी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लहरा कर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर कर दिया। तिरंगा बाइक रैली शहीद स्मारक से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए होप सर्कस पर सम्पन्न हुई।

अलवर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा बाइक रैली आयोजित, देशभक्ति के रंग में रंगा अलवरवन राज्यमंत्री ने बाइक रैली में शामिल होकर दिया देशभक्ति व देशप्रेम का संदेश
ram


