जोधपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग यानी RPSC ने लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के लिए अपनी कार्यप्रणाली में तेजी लाने का दावा किया है। आयोग के अनुसार जुलाई 2026 से अब तक महज 28 कार्य दिवसों के दौरान विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के परिणाम जारी करने का काम मिशन मोड में किया गया। इस अवधि में लिखित परीक्षाओं के बाद 11 विषयों की विचारित सूचियां जारी की गईं। इसके अलावा साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों की 36 सूचियां और 14 भर्ती प्रक्रियाओं के अंतिम परिणाम जारी किए गए हैं। आयोग के मुताबिक, 5 अगस्त को असिस्टेंट प्रोफेसर एग्जाम 2024 (मेडिकल एजुकेशन) के तहत गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सुपर स्पेशियलिटी का अंतिम परिणाम जारी किया गया। इससे एक दिन पहले 4 अगस्त को इसी परीक्षा के पीडियाट्रिक कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी एंड रूमेटोलॉजी और जनरल सर्जरी विषयों के परिणाम जारी हुए। 24 जुलाई को असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज एजुकेशन) 2025 के टेक्सटाइल डाइंग एंड पेंटिंग विषय का परिणाम जारी किया गया। वहीं 21 जुलाई को असिस्टेंट प्रोफेसर एग्जाम 2024 (मेडिकल एजुकेशन) के साइकियाट्री विषय का अंतिम परिणाम सामने आया। 20 जुलाई को असिस्टेंट प्रोफेसर (संस्कृत कॉलेज एजुकेशन) 2024 परीक्षा के योग विज्ञान और भाषा विज्ञान विषयों के परिणाम जारी किए गए। इसके बाद 17 जुलाई को असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज एजुकेशन) 2025 के स्टैटिस्टिक्स विषय का परिणाम जारी हुआ। 15 जुलाई को प्रोफेसर, लाइब्रेरियन एंड पीटीआई (कॉलेज एजुकेशन) परीक्षा के तहत फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर पद का अंतिम परिणाम जारी किया गया। वहीं 10 जुलाई को असिस्टेंट प्रोफेसर एग्जाम 2024 (मेडिकल एजुकेशन) के कार्डियोलॉजी, नियोनेटोलॉजी और रेस्पिरेटरी मेडिसिन/टीबी एंड चेस्ट विषयों के परिणाम घोषित किए गए। आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के साथ पारदर्शिता और निष्पक्षता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। आयोग के अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके समय की अहमियत को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 28 कार्य दिवसों में बड़ी संख्या में परिणाम जारी होना अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से मिशन मोड में किए गए काम का परिणाम है। आयोग की प्राथमिकता भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। कर्नल केसरी सिंह के मुताबिक, आयोग आने वाले समय में भी इसी गति और अनुशासन के साथ काम करते हुए लंबित भर्तियों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती परिणामों में तेजी से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अंतिम परिणामों का इंतजार कर रहे हैं।
RPSC का मिशन मोड, 28 कार्य दिवसों में 14 भर्तियों के फाइनल रिजल्ट
ram


