जयपुर। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण में जोबनेर नगर में प्रस्तावित लगभग 2.06 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के संबंध में संवाद एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन अंबेडकर भवन, जोबनेर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी नेहा राठी ने की। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों एवं विभागीय अधिकारियों से परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सुझाव आमंत्रित किए। कार्यक्रम में आरयूआईडीपी अधिकारियों द्वारा पांचवें चरण में प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसमें ड्रेनेज एवं बाढ़ प्रबंधन, कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, पर्यटन विकास तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपखण्ड अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय आवश्यकताओं और जनसुझावों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिससे कार्यों के दौरान नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। उन्होंने नगर पालिका, आरयूआईडीपी तथा अन्य संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने परियोजना से संबंधित विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता रियाज अहमद ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों की तकनीकी जानकारी दी तथा बताया कि प्राप्त सुझावों को परियोजना में सम्मिलित करने का प्रयास किया जाएगा। परियोजना समन्वयक गौरव गुप्ता ने भी कार्यों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका आयुक्त हिमांशु सिंह, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे। अंत में उपखण्ड अधिकारी नेहा राठी ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास योजनाओं का प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन संभव है।

आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के कार्यों पर संवाद कार्यक्रम सम्पन्न,जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने दिए सुझाव
ram


