जयपुर। पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्लयूडी) ने 990 लाख रूपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इस राशि से क्षेत्र में कुल 21.35 किलोमीटर लंबी मिसिंग लिंक और नॉन पेचेबल सड़कों का निर्माण किया जाएगा। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने इस विकास कार्य की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस बजट को दो मुख्य श्रेणियों-मिसिंग लिंक और नॉन पेचेबल सड़कों के निर्माण में विभाजित किया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। कैबिनेट मंत्री के अनुसार, क्षेत्र के चार प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ने के लिए 335 लाख रूपये की लागत से 7.60 किलोमीटर लंबी मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण होगा। इसके तहत कोसेलाव से हिंगोला मार्ग तक, नेशनल हाईवे (एनएच) 62 पर स्थित सहयोग होटल से सिंदरू तक मिसिंग लिंक, आकदड़ा से वेनपुरा तक सड़क मार्ग का जुड़ाव तथा नेशनल हाईवे 62 से भक्तों का नाडा तक मिसिंग लिंक सड़क का निर्माण किया जाएगा। क्षेत्र की क्षतिग्रस्त और लंबे समय से मरम्मत की राह देख रही सड़कों को सुधारने के लिए 655 लाख रूपये का बजट आवंटित किया गया है। इसके तहत 13.75 किलोमीटर लंबी छह नॉन पेचेबल (नवनिर्माण योग्य) सड़कें बनाई जाएंगी। स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इसके तहत मंडली डेंडा चाणोद गिरवर मार्ग पर 3 किलोमीटर, गुंदोज से गुड़ा सोनीगरा मार्ग पर 3 किलोमीटर, बलाना से राजपुरा संपर्क सड़क तक 2.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है। वहीं, गोगरा संपर्क सड़क, कानपुरा संपर्क सड़क तथा पोमावा संपर्क सड़क का भी कायाकल्प किया जाएगा। इस स्वीकृति पर स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व पीडब्लयू मंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और सुगम यातायात हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास का यह कार्य क्षेत्र की तस्वीर बदलेगा और वर्षों पुरानी इस समस्या से जनता को हमेशा के लिए निजात दिलाएगा।

पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगी दस मिसिंग लिंक और नॉन पेचेबल सड़कें- कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने दी जानकारी
ram


