जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज देश के सबसे सफल जनभागीदारी अभियानों में से एक बन चुका है। राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में इस अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राजस्थान ने इसके प्रभावी क्रियान्वयन में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और इस वर्ष भी समन्वित एवं सुनियोजित प्रयासों से प्रदेश को इस अभियान में अग्रणी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं जाएं। मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में एक बैठक लेकर सम्बंधित विभागों एवं जिला कलक्टरों को अभियान की निर्धारित कार्ययोजना का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत राज्य के प्रमुख स्मारकों, बांधों, सरकारी भवनों तथा एचआरआरएल रिफाइनरी सहित अन्य प्रमुख इमारतों को आकर्षक तिरंगा रोशनी से सजाने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों के फोटो एवं अन्य विवरण निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का होगा व्यापक आयोजन
मुख्य सचिव ने ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के आयोजन की तैयारियों के सम्बंध में कहा कि 14 अगस्त को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेषकर युवा पीढ़ी को देश के विभाजन की त्रासदी से अवगत कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि 13 एवं 14 अगस्त को जिला एवं पंचायत स्तर पर विभाजन विषयक प्रदर्शनी तथा फिल्मों का प्रदर्शन आयोजित किया जाए। साथ ही, 14 अगस्त को जनप्रतिनिधियों, विभाजन प्रभावित परिवारों, स्वतंत्रता सेनानियों, स्वयं सहायता समूहों, कलाकारों, खिलाड़ियों तथा अन्य प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला, पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शालीन सजावट, श्वेत पुष्पों से श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन तथा कैंडल मार्च आयोजित करने के निर्देश दिए।
9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन
उल्लेखनीय है कि प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रत्येक गांव एवं ढाणी में स्थानीय जनसमुदाय की सहभागिता से आयोजित तिरंगा प्रभात फेरी के साथ होगी। 10 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में नागरिकों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी से ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर एवं तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। 11 एवं 12 अगस्त को ‘तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ विषयक प्रदर्शनियों एवं मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गतिविधियां तथा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘तिरंगा कैनवास’ स्थापित किए जाएंगे, जिन पर आमजन हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे। 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सुरक्षा बलों के सेवानिवृत्त कार्मिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ सभी नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे एवं जिला कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का सशक्त माध्यम – मुख्य सचिव
ram


