श्रम विभाग आयुक्त ने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर पर परिवादियों से किया सीधा संवाद

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को श्रम विभाग की आयुक्त पूजा कुमारी पार्थ ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण कर श्रम विभाग से संबंधित प्राप्त परिवादों एवं उनके निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पार्थ ने विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों की स्थिति, निस्तारित एवं लंबित प्रकरणों, परिवादियों के संतुष्टि प्रतिशत, राज्य के औसत निस्तारण समय की तुलना में विभागीय निस्तारण स्थिति तथा विषयवार शिकायतों के वर्गीकरण की जानकारी ली। उन्होंने संपर्क एआई टूल के माध्यम से शिकायतों के विश्लेषण, समान प्रकृति के प्रकरणों के ट्रेंड तथा बार-बार आने वाली शिकायतों की पहचान की समीक्षा की। पार्थ ने कहा कि श्रम विभाग से संबंधित शिकायतों में श्रमिक डायरी,लाभार्थी पंजीयन, योजनाओं के तहत लाभ वितरण, प्रसूति सहायता, छात्रवृत्ति, टूलकिट सहायता, सुरक्षा राशि, जमा धनराशि की वापसी तथा न्यूनतम मजदूरी भुगतान जैसी शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इससे श्रमिकों एवं उनके परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। आयुक्त ने कहा कि एक ही प्रकृति की अनेक शिकायतों का गहन विश्लेषण कर आवश्यकतानुसार पुनः श्रेणीकरण किया जाए। जिससे प्रकरण सही कार्यालय तक शीघ्र पहुंचे और उसका प्रभावी समाधान हो सके। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग तथा परिवादियों की संतुष्टि प्रतिशत में निरंतर सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर के माध्यम से विभिन्न परिवादियों से दूरभाष पर सीधे संवाद कर उनके फीडबैक भी लिए। परिवादियों द्वारा श्रमिक डायरी, डीबीटी, योजनाओं के लाभ वितरण सहित विभिन्न प्रकरणों से संबंधित अपनी समस्याएं साझा की गईं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर परिवादियों की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजस्थान संपर्क पोर्टल तथा श्रम विभाग से संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *