जिला कलक्टर ने जिला कारागृह का किया वार्षिक निरीक्षण

ram

झालावाड़। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरुवार को जिला कारागृह झालावाड़ का वार्षिक निरीक्षण कर कारागृह की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागृह परिसर की विभिन्न बैरकों, रसोईघर, चिकित्सालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।

जिला कलक्टर ने कारागृह की समस्त बैरकों में जाकर बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की तथा उनके मुकदमों, प्रकरणों एवं न्यायालयीन कार्यवाही की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बंदियों से जेल में उपलब्ध भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि कारागृह की व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार लाया जाए तथा बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बंदियों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकीय सुविधाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित चिकित्सक को निर्देशित किया कि बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए तथा आवश्यक उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कारागृह परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, साफ-सफाई, शौचालयों की नियमित देखरेख, जल निकासी व्यवस्था तथा परिसर को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरणयुक्त बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कारागृह में अनुशासन, सुरक्षा प्रबंधन तथा निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के भी निर्देश प्रदान किए।

जिला कलक्टर ने बंदियों के पुनर्वास एवं सुधारात्मक गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने जेल प्रशासन को बंदियों के लिए कौशल विकास, शिक्षा, पुस्तकालय, योग, ध्यान, खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि बंदियों के व्यक्तित्व विकास एवं समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापना के प्रयासों को बल मिल सके।

निरीक्षण के दौरान बंदियों ने भी जिला कलक्टर को अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। जिला कलक्टर ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि पात्र मामलों में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित कारागृह का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *