जैसलमेर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 41 जन अभाव अभियोगों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जॉब कार्ड पुनः चालू करवाने, बीमा क्लेम दिलाने, बंद कटान मार्ग खुलवाने, पुश्तैनी भूमि विवाद, खातेदारी दर्ज करने, भूमि आवंटन, न्यायालय आदेशों की पालना, पैमाइश, कब्जा दिलवाने, विद्यालय के खेल मैदान का नाम दर्ज करने, फर्जी भुगतान, अवैध अतिक्रमण हटाने, पेयजल के अवैध कनेक्शन समाप्त कराने, कर्मचारियों के बकाया वेतन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ट्यूबवेल विद्युत कनेक्शन, फर्जी आवंटन की जांच, तरमीम शुद्धिकरण सहित विभिन्न मामलों पर बिंदुवार चर्चा कर उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर सैनी ने कहा कि समिति के समक्ष प्रस्तुत प्रत्येक शिकायत आमजन की अपेक्षाओं और प्रशासन के प्रति विश्वास का प्रतीक है। इन प्रकरणों का त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करते हुए परिवादियों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए एवं किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, उनकी अद्यतन जानकारी संबंधित पोर्टल पर तत्काल अपलोड की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को समय पर सूचना प्राप्त हो सके और शिकायत निस्तारण प्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे। बैठक में विभागवार प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समन्वित प्रयासों से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी बैठक तक अधिकतम मामलों का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। प्रत्येक अधिकारी जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा शिकायतों के समाधान में संवेदनशील, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाएं। बैठक में उपखंड अधिकारी जैसलमेर राम लाल मीणा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, उप वन संरक्षक डॉ. भंवरलाल चौधरी, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र पालीवाल, मनोनीत सदस्य सरपंच नाचना तेजल सोनी, सुमित्रा मेघवाल (रूपसी), प्रेम ओड (रामदेवरा), जीवण खां (भारेवाला), सोहनराम मूढ़ (बलाड़), जुगल किशोर व्यास (पोकरण), पूर्व प्रधान सम सुमेर सिंह देवड़ा, नगरपालिका पोकरण के चेयरमैन मनीष पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
ram


