जयपुर। पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तखतगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है। क्षेत्र के नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पशुपालन एवं गोपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने शिरकत की। उन्होंने महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले प्रथम वर्ष के नवागंतुक विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया। मंत्री श्री कुमावत ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफल शैक्षणिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह आधुनिक और नवनिर्मित महाविद्यालय भवन क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करेगा। यह परिसर विद्यार्थियों की प्रतिभा और क्षमताओं को तराशकर उन्हें नई दिशा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम के दौरान ‘हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत एक वृहद पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया। कैबिनेट मंत्री, कॉलेज प्रशासन, अतिथियों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर महाविद्यालय परिसर में 400 पौधों का रोपण किया। मंत्री ने युवाओं से इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर पाली डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सुमेरपुर के राजकीय महाविद्यालय में कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने किया पौधारोपण
ram


