भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने जिलेवासियों से भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) के 81वें दौर के अंतर्गत किए जा रहे प्रवासन सर्वेक्षण (Migration Survey) में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं से संबंधित जानकारी एकत्र करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिवर्ष सर्वेक्षण कराया जाता है। वर्तमान में राज्य में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 81वें दौर के तहत जुलाई 2026 से जून 2027 तक जिले के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रवासन सर्वेक्षण किया जा रहा है। यह सर्वेक्षण आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के अधीन जिला सांख्यिकी कार्यालय में पदस्थापित कार्मिकों द्वारा किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान सांख्यिकी कार्यालय के कार्मिक गांवों, शहरों, परिवारों एवं व्यवसायों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्र करते हैं। नागरिकों द्वारा दी गई प्रत्येक जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा इसका उपयोग केवल योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण एवं नीति-निर्धारण के लिए किया जाता है। सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की निजता का पूरा सम्मान एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, समाज के प्रबुद्धजनों, वेलफेयर सोसाइटीज तथा उद्यमी संगठनों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के महत्व से अवगत कराएं तथा सर्वेक्षण कार्य में सहयोग के लिए प्रेरित करें।
जिला कलेक्टर संधू ने जिले वासियों से विनम्र अपील करते हुए कहा कि जब सांख्यिकी कार्यालय के कार्मिक सर्वेक्षण के लिए उनके पास आए, तो उन्हें सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं। नागरिकों का सहयोग ही विश्वसनीय आंकड़ों के संकलन में सहायक होगा, जिससे भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।


