खैरथल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) शैलेंद्र व्यास के निर्देशन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल अजीत कुड़ी के मार्गदर्शन में गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय टाइप-3, बास कृपाल नगर में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजीत कुड़ी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-01 किशनगढ़ बास दीपेंद्र माथुर, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-02 किशनगढ़ बास जगदीश प्रसाद मीणा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खैरथल सीमा कुमारी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट किशनगढ़ बास डॉ. सुरभि सिंह तथा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट खैरथल खुशबू कँवरिया ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास एवं सचिव अजीत कुड़ी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ से लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत ही नहीं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। न्यायिक अधिकारियों ने सभी से अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। इस अवसर पर नोडल प्रिंसिपल गोपाल सिंह, विद्यालय स्टाफ कविता देवी, मंजीता देवी, पिंकी देवी, स्वाति जाखड़, वन विभाग की टीम, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में न्यायिक अधिकारियों ने किया सघन वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ram


