लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जनसुनवाई कर मौके पर ही करवाया समाधान — भारत सरकार से संबंधित शिकायतों को अविलंब केंद्रीय विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश -संयुक्त सचिव, गृह विभाग

ram

जयपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में गृह विभाग के संयुक्त सचिव श्री राजेन्द्र कुमार वर्मा ने गुरूवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा संतुष्टि स्तर में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लेवल-1 पर ही निस्तारण एवं संतुष्टि सुनिश्चित करने पर बल
संयुक्त सचिव श्री वर्मा ने निरीक्षण के दौरान सभी स्तर के अधिकारियों को सजगतापूर्वक कार्य करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विशेष रूप से लेवल-1 के अधिकारियों को पाबंद करते हुए कहा कि शिकायतों को उच्च स्तर पर प्रेषित करने के बजाय प्रारंभिक स्तर पर ही उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल समय की बचत होगी, अपितु आमजन को निर्धारित समय-सीमा के भीतर समुचित राहत भी मिल सकेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भारत सरकार से संबंधित गृह विभाग की प्राप्त होने वाली समस्त शिकायतों को अविलंब संबंधित केंद्रीय विभाग को हस्तांतरित किया जाए, जिससे समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
विशिष्ट प्रकरणों में मौके पर ही दिए समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्री वर्मा ने पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करते हुए दो महत्वपूर्ण मामलों में तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करवाई। सीकर निवासी श्री तेजपाल सिंह की शस्त्र अनुज्ञा पत्र के नवीनीकरण से जुड़ी शिकायत का संज्ञान लेते हुए संयुक्त सचिव ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर, सीकर को मौके से ही निर्देशित किया कि इस शिकायत के समुचित निस्तारण हेतु इसे तत्काल चूरू स्थानांतरित किया जाए। इसी प्रकार, चूरू निवासी श्री मनदीप सिंह के पासपोर्ट वेरिफिकेशन से संबंधित प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री वर्मा ने रतनगढ़ सर्किल ऑफिसर से दूरभाष पर सीधी वार्ता की एवं उन्हें निर्देशित किया कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए तथा आमजन से जुड़े इस संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई अथवा कोताही न बरती जाए। निरीक्षण के समापन पर गृह संयुक्त सचिव ने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल राज्य सरकार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है और आमजन को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं आईटी विंग के तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *