जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने किया ‘राज सखी मार्ट एंड कैफ़े’ का शुभारंभ

ram

झालावाड़। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग एवं राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के तत्वावधान में गुरुवार को झालावाड़ शहर के द्वारकाधीश मंदिर के समीप चौपाटी स्थित ‘राज सखी मार्ट एंड कैफ़े’ का शुभारंभ जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने विधिवत फीता काटकर किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने मार्ट एवं कैफ़े का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का निरीक्षण किया तथा उनके नवाचार, गुणवत्ता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज सखी मार्ट एंड कैफ़े केवल एक विक्रय केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास का सशक्त मंच है। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

स्थानीय उत्पाद खरीदें, महिला सशक्तिकरण को दें नई उड़ान – जिला कलेक्टर

जिला कलेक्टर राठौड़ ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में आमजन से अधिकाधिक संख्या में राज सखी मार्ट एवं कैफ़े पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खरीदा गया उत्पाद किसी स्वयं सहायता समूह की महिला के आत्मनिर्भर भविष्य को मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मार्ट महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका का प्रभावी माध्यम बनेगा तथा “वोकल फॉर लोकल” की भावना को भी साकार करेगा।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने परिश्रम, लगन और नवाचार से यह सिद्ध कर रही हैं कि यदि अवसर और मंच मिले तो वे आर्थिक विकास की मुख्यधारा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। जिला प्रशासन महिलाओं के ऐसे प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

एक ही स्थान पर मिलेंगे ग्रामीण महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पाद

राज सखी मार्ट में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए अनेक आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद आमजन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इनमें विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ, मिट्टी के कलात्मक बर्तन, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री, महिलाओं के आभूषण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा दैनिक जीवन में काम आने वाले अनेक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद शामिल हैं। इन उत्पादों के विक्रय से ग्रामीण महिलाओं को नियमित आय का अवसर प्राप्त होगा तथा उनके उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध होगा।

गोमती सागर के मनोहारी दृश्य के साथ पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद

राज सखी मार्ट के साथ संचालित कैफ़े आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां आगंतुक पूड़ी-सब्जी, पकौड़े, चाय कॉफी, दाल-बाटी-चूरमा सहित विभिन्न पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। गोमती सागर तालाब के रमणीय एवं मनोहारी दृश्य के बीच भोजन का यह अनुभव शहरवासियों एवं पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम

राज सखी मार्ट एंड कैफ़े ग्रामीण महिलाओं की आजीविका संवर्धन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों के संरक्षण तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन, बिक्री एवं आय वृद्धि का सशक्त मंच उपलब्ध होगा, जिससे उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।

इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व राजीविका की महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *