जोधपुर में लक्जरी व स्लीपर बसों पर बड़ी कार्रवाई: अवैध मॉडिफिकेशन वाली 10 बसों पर कार्रवाई, सीज़ एवं चालान किए गए

ram

जोधपुर। जोधपुर में अवैध मॉडिफिकेशन वाली लक्जरी एवं स्लीपर बसों के विरुद्ध सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बसों पर कार्रवाई की गई। नियमों के अनुसार संबंधित बसों को सीज़ किया गया तथा उनके चालान बनाए गए। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के माननीय सदस्य सचिव महोदय के निर्देशानुसार तथा माननीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) जोधपुर महानगर श्री दिनेश त्यागी एवं माननीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) जोधपुर जिला श्री पूरण कुमार शर्मा के निर्देशों की पालना में सुरक्षित परिवहन के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा तथा वैधानिक प्रावधानों एवं सरकारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।
तीन स्थानों पर संयुक्त औचक निरीक्षण
अभियान के दौरान बॉम्बे मोटर चौराहा, कल्पतरु बस स्टैंड एवं बारहवीं रोड चौराहा पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर महानगर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर द्वारा परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त जांच टीम के साथ औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित तथा अनधिकृत संरचनात्मक बदलाव (Modification) करने वाली स्लीपर एवं लक्जरी बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 बसों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा उन्हें सीज़ कर चालान बनाए गए।
मोटर वाहन अधिनियम एवं AIS-119 के उल्लंघन पर कार्रवाई
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं AIS-119 के प्रावधानों का उल्लंघन कर संचालित तथा बसों की संरचना में अनधिकृत संशोधन (Structural Modifications) करने वाली बसों के विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के दौरान कुल 10 बसों का निरीक्षण (Inspection) किया गया। जांच के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बसों के विरुद्ध नियमानुसार चालान बनाए गए तथा नियमों की अवहेलना करने वाले संचालकों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं जिन बसों में गंभीर अनियमितताएं एवं अनधिकृत संरचनात्मक बदलाव (Structural Modifications) पाए गए, उन्हें मौके पर ही नियमानुसार सीज़ (Seized) कर दिया गया। पूरी कार्रवाई को निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए न्यायपालिका, पुलिस एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। इनमें श्री राकेश रामावत, अपर जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) जोधपुर महानगर, डॉ. मनीष हरजाई, अपर जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) जोधपुर जिला, पुलिस निरीक्षक श्री जेठुदान तथा परिवहन विभाग से श्री महेंद्र सिंह एवं परिवहन निरीक्षक श्री विनय सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। “लक्जरी एवं स्लीपर बसों में अनधिकृत रूप से किए जाने वाले संरचनात्मक बदलाव सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे अवैध संशोधनों के कारण कई बार भीषण सड़क दुर्घटनाएं होती हैं तथा अमूल्य मानव जीवन की हानि होती है। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती के साथ जारी रहेगा।” आमजन से अपील की गई है कि स्लीपर एवं लक्जरी बसों की जांच यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जान-माल की हानि रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। इसमें सभी नागरिक सहयोग करें। यदि कोई यात्री किसी ट्रेवल्स एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करवाना चाहता है, तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, न्यायालय परिसर, जोधपुर महानगर में संपर्क कर स्थायी लोक अदालत में वाद प्रस्तुत कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *