धौलपुर। 11 जुलाई को दोपहर लगभग 2:30 बजे मर्निया तहसील क्षेत्र स्थित राडौंली–कुसेंढा रपट पर एक व्यक्ति, जो पेशे से सरकारी शिक्षक थे, विद्यालय से लौटते समय अपनी मोटरसाइकिल रपट पर खड़ी कर पार्वती नदी के पानी में उतर गए, जहां वे डूब गए। उल्लेखनीय है कि घटना के समय रपट पर किसी प्रकार का जल प्रवाह नहीं था। घटनास्थल पर उनकी मोटरसाइकिल खड़ी अवस्था में मिली, जिसमें एक पर्ची (जिस पर मोबाइल नंबर अंकित थे), वॉलेट, मोबाइल फोन तथा रेनकोट सुरक्षित मिले। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए एसडीआरएफ तथा सिविल डिफेंस की टीमों को मौके पर रवाना किया गया। दोनों दलों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में पार्वती नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप 12 जुलाई को प्रातः लगभग 6 बजे डूबे हुए व्यक्ति शंकर सिंह का शव बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही सर्च अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस संयुक्त सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ टीम के हेड कांस्टेबल हरिओम सहित छत्रपाल, संजय सिंह, निरंजन सिंह, रम्भोर सिंह, मनोज कुमार, खेमराज सिंह, सियाराम एवं देवेन्द्र कुमार तथा सिविल डिफेंस के शिव कुमार, सत्येन्द्र, रितेश एवं राजमोहन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रकरण की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी है। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान स्वयं तथा अपने पशुओं को नदी, तालाब, पोखर, बांध एवं अन्य जलाशयों के समीप अनावश्यक रूप से न ले जाएं, जलाशयों में स्नान, सैर-सपाटा अथवा अन्य गतिविधियों से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

पार्वती नदी में डूबे सरकारी शिक्षक का शव बरामद, एसडीआरएफ एवं सिविल डिफेंस के संयुक्त सर्च अभियान का सफल समापन
ram


