बालोतरा। राजस्थान सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत खाड़ा भारत सिंह में आयोजित शिविर जनसेवा और संवेदनशील प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार गिड़ा वीरमाराम विश्नोई के नेतृत्व में राजस्व विभाग ने विभिन्न प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की।
शिविर में खाता दुरुस्ती, नाम शुद्धि, आपसी सहमति से भूमि विभाजन, रास्ता संबंधी प्रकरण सहित विभिन्न राजस्व मामलों का त्वरित समाधान किया गया। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का अधिकतम निस्तारण शिविर स्थल पर ही सुनिश्चित किया, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
शिविर की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि खेतों की सीमाओं को लेकर वर्षों से चले आ रहे विवादों का शांतिपूर्ण समाधान रहा। पटवारी मनोज कुमार एवं राजस्व निरीक्षक खेताराम ने ग्रामीणों को समझाइश देकर आपसी सहमति से भूमि विभाजन के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों से 8 खातों में 86 हेक्टेयर (531 बीघा) भूमि का सहमति से विभाजन कराया गया, जिससे 37 खातेदार लाभान्वित हुए।
वर्षों पुराने विवाद समाप्त होने से संबंधित परिवारों को तनाव और आपसी विवादों से मुक्ति मिली। अब वे सौहार्दपूर्ण वातावरण में खेती और अन्य कार्य सुचारु रूप से कर सकेंगे। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की पहल की सराहना करते हुए इसे प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का प्रमाण बताया।
ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण सेवा शिविर बना मिसाल : 531 बीघा भूमि का सहमति से बंटवारा, 37 खातेदारों को मिली राहत
ram


