जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों के दौरान जनआधार, महिला एवं बाल विकास तथा पशुपालन विभाग से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जनआधार अपडेट होने से खुला योजनाओं का मार्ग
पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत खिरजा तिबना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान एक ग्रामीण ने जनआधार संबंधी समस्या प्रस्तुत की। विकास अधिकारी चंचल राज शर्मा के निर्देशन में दस्तावेजों की जांच कर ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी रामअवतार भूंकर द्वारा मौके पर ही जनआधार अपडेट कराया गया। इसके उपरांत सहायक कृषि अधिकारी दिनेश राज तंवर ने लाभार्थी को विभिन्न कृषि एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। लाभार्थी ने कहा कि अब उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा तथा उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से महिलाओं को मिला लाभ
ग्राम पंचायत खिरजा तिबना में आयोजित शिविर के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत राजा कंवर पत्नी नरपत सिंह एवं रचना देवी पत्नी नरपत राम का पंजीकरण कर पारंपरिक रीति-रिवाजों से गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। लाभार्थियों ने योजना का लाभ मिलने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना से मिला आर्थिक सुरक्षा कवच
ग्राम पंचायत धाधिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पशुपालक गंगा देवी पत्नी केवलराम ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत अपनी दो भैंसों का बीमा करवाया। लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पशुओं का बीमा होने से भविष्य में किसी आकस्मिक हानि की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी। शिविर में पशुपालकों को विभिन्न पशुपालन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। लाभार्थी ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।


