राजस्थान में मानसून मेहरबान : सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि जैसलमेर को छोड़कर शेष सभी जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम और सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से नौ जुलाई तक प्रदेश में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर में कई स्थानों पर तीन इंच तक बारिश हुई। जोधपुर के डांगियावास क्षेत्र में तेज बारिश के बाद हाईवे पर पानी भर गया, जबकि जालोर के भाद्राजून क्षेत्र में पहाड़ियों से झरने बहने लगे। पाली जिले के देसूरी में 82 मिमी, मारवाड़ जंक्शन में 25 मिमी, रोहट में 28 मिमी और रानी में 25 मिमी बारिश हुई। वहीं जोधपुर के झंवर में 53 मिमी, लूणी में 44 मिमी, कुड़ी भगतासनी में 23 मिमी और शेखला में 18 मिमी वर्षा हुई। सीकर, झुंझुनूं, प्रतापगढ़ और राजसमंद में भी दो इंच तक बारिश हुई, जबकि दौसा, सिरोही, बांसवाड़ा, उदयपुर, अलवर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन दक्षिण-पूर्वी झारखंड तक पहुंच चुका है और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ गुजर रही मानसून ट्रफ के कारण कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग में नौ जुलाई तक भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और चूरू में सोमवार को दिनभर गर्मी और उमस बनी रही। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हालांकि शाम को हल्की बारिश होने से लोगों को राहत मिली। कोटा में मंगलवार सुबह कुछ क्षेत्रों में 5 से 7 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे पहले सोमवार शाम भी हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन उमस बनी रही। अलवर जिले में 11 जुलाई तक गरज-चमक और बारिश का यलो अलर्ट है। जयपुर में पिछले 24 घंटे में विराटनगर में करीब 3 इंच बारिश हुई। पावटा, चांदावास और शाहपुरा में भी अच्छी वर्षा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *