बेकाबू ट्रक ने पांच लोगों को कुचला

ram

जयपुर। राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह 200 फीट बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक फुटपाथ पर चढ़ गया और वहां खड़े पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए तथा एक शव के दो टुकड़े हो गए। मृतकों और घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक पहले सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गया और वहां खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात सुचारू कराया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *