प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पचपदरा कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ा झालावाड़

ram

झालावाड़। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा से राजस्थान रिफाइनरी परियोजना सहित 1 लाख 5 हज़ार करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिले वर्चुअली जुड़े।

राजकीय पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ कार्यक्रम
झालावाड़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में झालावाड़-बारां सांसद श्री दुष्यंत सिंह मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया तथा रोजगार उत्सव के अंतर्गत विभिन्न विभागों के नवचयनित एवं नवनियुक्त 847 युवाओं को मुख्यमंत्री का बधाई संदेश, स्वागत किट एवं नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने कहा कि आज का दिन आप सभी नव नियुक्त अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का अवसर है। मैं आप सभी 847 नव चयनित अभ्यर्थियों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आपकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का यह सुखद परिणाम है कि आज आपको प्रदेश सरकार की विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति का अवसर प्राप्त हुआ है। सरकारी सेवा केवल एक रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। आप सभी जिस विभाग में नियुक्त हुए हैं, वहां आपकी जिम्मेदारी केवल अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही नहीं, बल्कि आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी है। आप अपने कार्यों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुझे विश्वास है कि आप सभी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनेंगे।

इन विभागों के कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने बताया कि रोजगार उत्सव के अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों में चयनित कुल 847 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। विभागवार नियुक्तियों के अनुसार कॉलेज शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर 6 अभ्यर्थियों, माध्यमिक शिक्षा विभाग में व्याख्याता (लेक्चरर) पद पर 41 अभ्यर्थियों तथा वरिष्ठ अध्यापक (विभिन्न विषय) के पद पर 44 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार सहकारिता विभाग में निरीक्षक ग्रेड द्वितीय के पद पर 5 अभ्यर्थियों, कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर 6 अभ्यर्थियों, तथा प्रारंभिक शिक्षा विभाग में अध्यापक लेवल-द्वितीय के पद पर 9 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त पंचायती राज विभाग में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर 12 अभ्यर्थियों, जयपुर विद्युत वितरण निगम (जेवीवीएनएल) में टेक्नीशियन-III (आईटीआई) के पद पर 24 अभ्यर्थियों तथा राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम में प्लांट अटेंडेंट-III (आईटीआई) के पद पर 8 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसी प्रकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में छात्रावास अधीक्षक-II के पद पर 1 अभ्यर्थी, गृह विभाग में कांस्टेबल पद पर 8 अभ्यर्थी, तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर 1 अभ्यर्थी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर 2 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं, शासन सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर 6 अभ्यर्थियों, प्रशासनिक सुधार विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर सर्वाधिक 670 अभ्यर्थियों, तथा जिला कलेक्टर कार्यालय, झालावाड़ में कनिष्ठ सहायक के पद पर 4 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मनोहर थाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, नगर परिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, उपाध्यक्ष चंद्र मोहन धाभाई, पूर्व प्रधान भावना झाला, लाली बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *