सबका साथ-सबका विकास की भावना से सर्वांगीण विकास प्राथमिकता – केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव

ram

जयपुर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने रविवार को अलवर के ग्राम काली पहाड़ी, राजगढ़ में आदिवासी सेवा संस्थान राजगढ़ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय मीणा समाज प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कार्यालय भवन व सभागार लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत कर प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया। केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मीणा समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ अलवर संसदीय क्षेत्र का चहुंमुखी विकास पहली प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में बड़ा बनने के साथ अच्छा इंसान बनना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में आगे वहीं बढ़ता है जिसमें कठोर परिश्रम करने के साथ देश व समाज के प्रति संवेदना का गुण होता है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा दिए जा रहे संस्कार आगे भी समाज को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने दिवंगत हंसराज मीणा की स्मृति में सभागार निर्माण कराने पर ग्राम इंदपुर निवासी उनके परिजनों को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरस डेयरी की कमान पढ़े-लिखे युवा के हाथ में आने से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले वर्ष गर्मी के मौसम में सरस डेयरी का दूध कलेक्शन 60 हजार लीटर प्रतिदिन था जो कि इस वर्ष कुशल प्रबंधन से गर्मियों में एक लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। उन्होंने कहा कि डेयरी को किसानों व पशुपालकों की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाने के लिए 5 लाख लीटर का संयंत्र स्वीकृत है, जिसका यथाशीघ्र शिलान्यास होगा। उन्होंने क्षेत्र में डि​​जिटल लाइब्रेरी व राजीविका सीएफएल के लिए भवन निर्माण की घोषणा की तथा सरिस्का अभयारण्य से जुड़े अन्य समस्त विषयों एवं अन्य विकास कार्यों को क्रमबद्ध रूप से सबके सामूहिक सामूहिक प्रयासों के साथ पूरा किया जाएगा। थानागाजी विधायक कान्ती प्रसाद मीणा ने विधायक निधि कोटे से सोलर सिस्टम व हाई मास्क लाइट लगवाने की घोषणा की तथा केंद्रीय वन मंत्री यादव द्वारा राजौरगढ़ सड़क का शिलान्यास कराने जैसी अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर आभार भी व्यक्त किया। राजगढ़ विधायक मांगेलाल मीणा ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच के नीचे रहकर काम करने का आह्वान किया। जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर ने बजट की उपलब्धता के आधार पर सीसी सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा ने सभी प्रतिभावान विद्याार्थियों को 1100-1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। भजेड़ा सरपंच सीमा मीणा ने केंद्रीय मंत्री यादव द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इस दौरान सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, अशोक गुप्ता, आदिवासी मीणा समाज के अध्यक्ष रामकिशन मीणा, विजय मीणा, संजय नरूका, ऋषिराज शर्मा, देशराज खरेरा, इन्द्र यादव सहित अनेक प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *