पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 2.38 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी दवा

ram

नागौर। जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने खींवसर स्थित पुराने पंचायत भवन में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत हमारी बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि अभियान शत-प्रतिशत सफल हो सके।

कार्यक्रम में विधायक रेवंत राम डांगा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश वर्मा, जिला अस्पताल खींवसर के पीएमओ डॉ. रामजीत टाक सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

जिले में अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ ताऊसर स्थित राजकीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2 लाख 38 हजार 941 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,629 पोलियो बूथ, 69 ट्रांजिट टीम, 158 मोबाइल टीम, 7,883 टीकाकर्मी और 256 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश वर्मा ने बताया कि अभियान के लिए करीब 3.50 लाख वैक्सीन डोज, 17,500 वायल और 111 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *