जोधपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने और उच्च गति इंटरनेट सेवाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा भारतनेट फेज-3 योजना के अंतर्गत जोधपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए दो किफायती ब्रॉडबैंड प्लान भी लॉन्च किए गए हैं।
बीएसएनएल, जोधपुर के प्रधान महाप्रबंधक एन. राम ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से फाइबर आधारित कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रथम चरण में अनेक ग्राम पंचायतों को फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है तथा आगामी चरण में शेष पंचायतों को रिंग टेक्नोलॉजी के माध्यम से कनेक्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के उपयोग से केबल कटने की स्थिति में भी इंटरनेट सेवाएं बाधित नहीं होंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रह सकेंगी।
उन्होंने बताया कि भारतनेट फेज-3 योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना, ई-गवर्नेंस सेवाओं की पहुंच बढ़ाना तथा डिजिटल विभाजन को कम करना है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यमिता और विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ गांवों तक आसानी से पहुंच सकेगा।
राम ने बताया कि बीएसएनएल द्वारा ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए रूरल एंट्री प्लान-259 तथा फाइबर बेसिक प्लान-499 लॉन्च किए गए हैं। रूरल एंट्री प्लान में प्रति माह 700 जीबी डेटा, असीमित वॉयस कॉलिंग, नि:शुल्क मॉडेम इंस्टॉलेशन तथा वेब ओटीटी सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसी प्रकार फाइबर बेसिक प्लान-499 में प्रति माह 3300 जीबी डेटा, नि:शुल्क इंस्टॉलेशन तथा ओएनटी उपकरण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रारंभिक तीन माह तक उपभोक्ताओं को 100 रुपये प्रतिमाह की विशेष छूट भी मिलेगी। इस योजना में 400 से अधिक आईपीटीवी चैनलों की सुविधा भी शामिल है।
प्रधान महाप्रबंधक एन. राम ने ग्रामीण नागरिकों, विद्यार्थियों, उद्यमियों एवं संस्थानों से बीएसएनएल की इन सेवाओं का लाभ उठाने तथा डिजिटल भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बीएसएनएल ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए दो नए ब्रॉडबैंड प्लान भी किए लॉन्च
ram


