टीबी मुक्त भारत अभियान को मिल रही नई गति

ram

जयपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जयपुर प्रथम जिले में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट ट्यूबरकुलोसिस (MDR-TB) से ग्रसित मरीजों को पोषण किट वितरित की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य टीबी रोगियों को आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध करवाकर उनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करना तथा उपचार के दौरान बेहतर स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि टीबी उन्मूलन केवल दवा उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से टीबी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं पोषण सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें।
जिला क्षय रोग अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रविन्द्र कुमार खत्री ने बताया कि एमडीआर-टीबी के मरीजों के लिए नियमित उपचार के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत महत्वपूर्ण है। पोषण किट वितरण से मरीजों को आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त होंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार आएगा तथा उपचार के बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा टीबी रोगियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं परामर्श भी किया जा रहा है।
ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा ग्रामीणों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई दें तो निकटतम स्वास्थ्य संस्थान पर जाकर जांच अवश्य करवाएं।
जिले में आयोजित ये ग्रामीण सेवा शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ-साथ टीबी रोगियों को पोषण एवं उपचार सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य जनसहभागिता एवं सतत प्रयासों के माध्यम से टीबी मुक्त जयपुर एवं टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *