सरकारी योजनाओं से बढ़ा ग्रामीणों का विश्वास, शिविरों में मिल रहा त्वरित लाभ

ram

जोधपुर। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। बालेसर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गाजनवास एवं चामू पंचायत समिति की ग्राम पंचायत देवातु में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।

पशुपालकों को मिला सुरक्षा का भरोसा

ग्राम पंचायत गाजनवास में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा लाभार्थी अणदू कंवर पत्नी पाबू सिंह तथा सुआ कंवर पत्नी दलपत सिंह को पशु बीमा पॉलिसी कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी भवानी सिंह, शिविर सह प्रभारी विकास अधिकारी मूमल गहलोत तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी डॉ. परसराम उपस्थित रहे।

दोनों लाभार्थियों ने योजना का लाभ मिलने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पशुओं के बीमित होने से किसी दुर्घटना, बीमारी अथवा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा का विश्वास मिला है। उन्होंने बताया कि इससे पशुपालकों का आत्मविश्वास बढ़ा है तथा भविष्य को लेकर चिंता कम हुई है।

नेनी देवी की चिंता हुई दूर, दोनों गायों का हुआ निःशुल्क बीमा

ग्राम पंचायत देवातु निवासी नेनी देवी पत्नी झूगाराम ने बताया कि उनकी दो गायों का पूर्व में बीमा नहीं हो पाया था, जिससे किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में आर्थिक नुकसान की चिंता बनी रहती थी। ग्रामीण सेवा शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी मिलने पर पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर उनकी दोनों गायों का निःशुल्क बीमा कर दिया। योजना के तहत उन्हें किसी प्रकार का प्रीमियम जमा नहीं करना पड़ा क्योंकि इसका वहन राज्य सरकार द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि अब पशुधन के बीमित होने से उन्हें भविष्य के प्रति सुरक्षा और आत्मविश्वास का अनुभव हो रहा है तथा उन्होंने राज्य सरकार, पशुपालन विभाग एवं शिविर से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

एक ही स्थान पर मिले अनेक विभागों के लाभ

ग्राम पंचायत देवातु में आयोजित शिविर में गणपत सिंह पुत्र आसू सिंह, निवासी पुंजराज सिंह नगर, देवातु को वरिष्ठ नागरिक परिवहन पास जारी किया गया। वहीं कृषि विभाग द्वारा कृषक भंवर सिंह पुत्र लख सिंह को डिस्क प्लाऊ (तवी) पर 14 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। इस दौरान शिविर प्रभारी अश्विन पंवार, तहसीलदार राजेन्द्र परिहार, विकास अधिकारी चम्पा लाल आचार्य, सहायक कृषि अधिकारी महिपाल गोदारा एवं कृषि पर्यवेक्षक रोशन लाल उपस्थित रहे।

शिविर में ही शुरू हुई बंद पेंशन, महिलाओं एवं बच्चों को भी मिला लाभ

ग्रामीण सेवा शिविर में वार्षिक सत्यापन के अभाव में बंद हुई वृद्धावस्था पेंशन के प्रकरणों का भी मौके पर निस्तारण किया गया। पेंशनरों का राजएसएसपी एप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन कर वार्षिक सत्यापन कराया गया, जिससे उनकी पेंशन पुनः प्रारम्भ हो सकी। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *