मैरिज गार्डन में तोड़फोड़ और करोड़ों की लूट का फरार आरोपी एल.आर. मीणा गिरफ्तार

ram

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने छह माह पहले मानसरोवर स्थित एक मैरिज गार्डन में हुई तोड़फोड़ और करोड़ों रुपए की लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी लेखराज मीणा उर्फ एल.आर. मीणा (36) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दौसा जिले का निवासी है और वर्तमान में जयपुर के बजाज नगर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस इस मामले में गैंग के सात अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) हेमेन्द्र शर्मा ने बताया कि 3 फरवरी 2026 को मानसरोवर स्थित ‘शिव बैंक्वेट हॉल’ में 50 से 60 बदमाशों ने जेसीबी मशीन के साथ घुसकर जमकर उत्पात मचाया था। बदमाशों ने पूरे परिसर में तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया और वहां से 20 एसी, 500 कुर्सियां, 350 सोफे, डेढ़ लाख रुपए नकद तथा टेंट का भारी मात्रा में सामान लूटकर ले गए थे।
घटना के बाद दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया था, जबकि मुख्य आरोपियों में शामिल लेखराज मीणा फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। लगातार तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग विवादित जमीनों पर कब्जा कराने का काम करती है। गैंग के सदस्य पैसे लेकर दबंगई के जरिए जमीनों पर कब्जा करवाते हैं। वारदात के बाद आरोपी सोशल मीडिया पर रील बनाकर और वीडियो डालकर पीड़ित पक्ष को डराने-धमकाने का प्रयास करते थे, ताकि कोई शिकायत या कानूनी कार्रवाई आगे न बढ़ सके।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी मुहाना और ज्योति नगर थाना क्षेत्रों में लूट एवं अपहरण जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गिरोह की अन्य गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में गठित विशेष टीम के कांस्टेबल मनोज, छोटूराम और जयदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्रवाई में कांस्टेबल प्रमोद, जयदेव, छोटूराम, मंगलराज, सुरेश चौपड़ा और नारायण भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *