जयपुर। खान एवं पेट्रोलियम विभाग के प्रमुख सचिव एवं उदयपुर जिले के प्रभारी सचिव टी. रविकांत ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से मिले। ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर इसी उद्देश्य की पूर्ति का प्रभावी माध्यम हैं, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रभारी सचिव शनिवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व प्रकरणों, पट्टा आवेदनों एवं अन्य जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया का फीडबैक लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने शिविरों में प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया। इस दौरान जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल भी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव तथा जिला कलक्टर ने लाभार्थियों को पट्टे भी वितरित किए। यूडीए सचिव हेमेन्द्र नागर ने शिविर में प्रदत्त सेवाओं की जानकारी दी। युडीए के मुख्य अभियंता संजीव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने नगर निगम परिसर में संचालित शहरी सेवा शिविर का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को जनहित में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।
मंगला पशु बीमा पाॅलिसी का वितरण
ग्राम पंचायत मदार के ग्रामीण सेवा शिविर में प्रभारी सचिव टी रविकान्त की उपस्थिति में पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पाॅलिसी वितरित की गई।

“सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान करना” – प्रभारी सचिव टी. रविकांत
ram


