राजस्थान के 12 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, श्रीगंगानगर में तीन इंच से ज्यादा बरसात

ram

जयपुर। राजस्थान में गुरुवार से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी राज्य के 12 जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि बाड़मेर, पाली, जालोर और सिरोही को छोड़कर शेष सभी जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।

प्रदेश में गुरुवार को चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, कोटा, बारां और बूंदी सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश श्रीगंगानगर जिले के विजयनगर क्षेत्र में 80 मिमी (तीन इंच से अधिक) मापी गई। इसके अलावा अनूपगढ़ में 26 मिमी और हनुमानगढ़ के पल्लू क्षेत्र में 23 मिमी बारिश मापी गई।

तेज बारिश के कारण श्रीगंगानगर में कई सड़कों पर पानी भर गया, वहीं उदयपुर के खेरवाड़ा कस्बे में भी बारिश के बाद सड़कों पर पानी बहने लगा। हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, दो दिन की राहत के बाद प्रदेश में दिन का तापमान फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 41.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा बीकानेर में 40.4, चूरू में 40.2, अलवर में 40 और जोधपुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *