प्रतापगढ़ में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी

ram

जयपुर। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रतापगढ़ जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा नगर परिषद परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का सोमवार को राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा गत बारह वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए ऐतिहासिक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, गरीब उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा डिजिटल भारत अभियान से संबंधित उपलब्धियों को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग के थ्री डी मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी वितरण योजना के तहत एक लाभार्थी और विधायक मद द्वारा तीन लाभार्थियों को सांकेतिक चाबी देकर स्कूटी का वितरण किया गया। राजस्व मंत्री श्री मीणा एवं सांसद श्री जोशी ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न पैनलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है, जिससे पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों का भ्रमण कर वहां कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की तथा आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, जनसुनवाई एवं विभिन्न सेवाओं की प्रगति की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान राजस्व मंत्री श्री मीणा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सांसद श्री जोशी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। सांसद श्री सीपी जोशी ने उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। आज भारत विश्व में एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और ऐसे शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राजस्व मंत्री श्री हेमंत मीणा ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार समन्वय के साथ जनहित में कार्य कर रही हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक व्यक्ति को सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *