जयपुर। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल रविवार को एक दिवसीय दौरे पर बालोतरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लघु उद्योग मंडल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषयक प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाग लिया तथा पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। जोगाराम पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के इतिहास में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम कालखंड के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों तक लगातार देश की सेवा कर लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक निरंतर कार्य करने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह उपलब्धि देशवासियों के विश्वास, जनभागीदारी और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। मंत्री पटेल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आत्मसम्मान और राष्ट्रीय गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं। नई संसद भवन का निर्माण, नई शिक्षा नीति का क्रियान्वयन, भारतीय न्याय संहिता सहित तीन नए आपराधिक कानूनों की शुरुआत तथा मातृभाषा में मेडिकल और इंजीनियरिंग शिक्षा की व्यवस्था ऐतिहासिक निर्णय रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ किया गया तथा आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। उन्होंने गरीब कल्याण को केंद्र सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आज 81 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिमाह निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 10.5 करोड़ से अधिक परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाया गया है। युवा शक्ति के सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 2 करोड़ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। मुद्रा योजना के माध्यम से लगभग 40 लाख करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं तथा देश में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स नवाचार और रोजगार सृजन का नया आधार बने हैं। अटल टिंकरिंग लैब्स के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। फसल बीमा योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को सुरक्षा कवच मिला है तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड खरीद कर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास किया है। नारी शक्ति के सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धि बताते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के जन-धन खाते खोले गए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन प्रदान किया गया तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करोड़ों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया है। लखपति दीदी अभियान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। वरिष्ठ नागरिकों को भी पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कोरोना महामारी के दौरान 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाकर देशवासियों के जीवन की रक्षा की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। देश के 26 शहरों में 1,100 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क विकसित हुआ है। 164 वंदे भारत ट्रेनें देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ रही हैं तथा हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 तक पहुंच गई है। जीएसटी के माध्यम से ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की अवधारणा को साकार किया गया है। राष्ट्र सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि रक्षा निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है और भारत आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कर्तव्य पथ, नौसेना के नए ध्वज तथा भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को सम्मान देने जैसे कदमों से राष्ट्रीय गौरव को नई पहचान मिली है। विरासत और विकास के समन्वय पर जोर देते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई है। साथ ही सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को वर्ष 2014-15 के लगभग 2 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में 12.2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है, जिससे देश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और आगामी वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के. के. विश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति को केंद्र में रखकर कार्य किया है। गरीब कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जनधन खातों का विस्तार, शौचालय निर्माण, घर-घर बिजली पहुंचाने तथा हर घर नल से जल जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया गया है। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और परिवहन सुविधाओं का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है, जिसकी सराहना वैश्विक स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आईएनएस विक्रांत, तेजस लड़ाकू विमान, ब्रह्मोस मिसाइल और चंद्रयान-3 जैसी उपलब्धियां देश की बढ़ती क्षमता का प्रमाण हैं। सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में भी भारत ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे आने वाले समय में देश वैश्विक तकनीकी मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा। उन्होंने बताया कि सिवाना क्षेत्र में दुर्लभ खनिज (रेयर अर्थ) के भंडार मिलने की संभावना भी क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। मेक इन इंडिया अभियान के तहत भारत अब केवल वैश्विक बाजार नहीं, बल्कि उत्पादन और निर्यात का प्रमुख केंद्र बन रहा है। रक्षा उपकरणों सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा मिला है और भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों का मनोबल बढ़ाने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को सशक्त करने का कार्य किया है। देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी नेतृत्व प्रदान करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के विषयक प्रेस वार्ता आयोजित, मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय – संसदीय कार्य मंत्री
ram


