जिला कलक्टर ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित, उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किया प्रेरित

ram

चित्तौड़गढ़। जिले के निंबाहेड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत बिनोता में गुरुवार रात्रि जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में आयोजित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। चौपाल में कई परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, सड़क, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मोबाइल, टीवी एवं नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आरएएस, आईएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी 12वीं कक्षा के बाद से ही प्रारंभ करने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन और अनुशासन से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत की है। चौपाल में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने जिला कलक्टर के प्रेरणादायी संबोधन की सराहना की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, जिला परिषद सीईओ विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटिक, निंबाहेड़ा एसडीएम विकास पंचोली, तहसीलदार घनश्याम जरवाल, विकास अधिकारी लक्ष्मण खटीक, सीडीईओ प्रमोद कुमार दशोरा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

रात्रि चौपाल में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, राजेंद्र सिंह शक्तावत, अशोक जाट, प्रशासक ईश्वरलाल मीणा एवं पूर्व उपप्रधान गजराज सिंह शक्तावत सहित जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं एवं विकास कार्यों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *