बीकानेर। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य पर रविवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित विशाल साइकिल रैली एवं “मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट” अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय ( स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पहली बार मनाए गए साइकिल के जन्मदिन कार्यक्रम में केक काटकर आयोजन की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने विशाल साइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गंगा थिएटर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः गंगा थिएटर पहुंची। रैली के माध्यम से फिट इंडिया, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत “मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट” अभियान के संयोजक बस्तीराम बिश्नोई द्वारा साइकिल जन्मदिन समारोह के आयोजन से हुई। केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने केक काटकर इस अनूठी पहल की सराहना की और इसे स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला अभिनव प्रयास बताया। अपने संबोधन में अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है तथा मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत की चुनौतियों के बीच साइकिल पर्यावरण के अनुकूल सबसे बेहतर परिवहन साधनों में से एक है। यदि अधिक से अधिक लोग अपने दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट के नियमित उपयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने “मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट” अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके लिए आयोजकों को बधाई दी। जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि गंगा थिएटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में साइकिलिंग के अतिरिक्त प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर योग, रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता, रनिंग गतिविधि तथा ऊर्जावान जुंबा डांस सत्र आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग प्रशिक्षक श्री भुवनेश पुरोहित की टीम ने योग प्रदर्शन किया।नगर निगम की ओर से खिलाड़ियों के लिए फल एवं जूस उपलब्ध करवाया गया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानाीचामी, एडीएम उम्मेद सिंह रतनू. एडिश्नल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, हाल ही में आईपीएस में चयनित सुनील गोदारा, कोषाधिकारी धीरज जोशी, सीओ सिटी अनुज डाल, साई ट्रेनिंग सेंटर जोधपुर प्रभारी हनुमंत सिंह, जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष, एनएलसी के राजेश कुमार, पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल निदेशक डॉ. शंकरलाल प्रजापत, साइकिलिंग कोच श्रवण भांभू व सुंदर बिश्नोई, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा, “मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट” अभियान संयोजक बस्ती राम बिश्नोई, बीकानेर रन क्लब के ईशान शर्मा व क्लब सदस्य, अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट दयालाराम सारण, जेठाराम गाट,रामस्वरूप जाखड़, राष्ट्रीय खिलाड़ी पेमाराम व रामप्रसाद, सुरेश गुप्ता, अनवर अली, नवीन डूडी, बीएसएफ, एयरफोर्स, पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षक सहित बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

विश्व साइकिल दिवस पर बीकानेर में साइकिल रैली, मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दिया फिटनेस का संदेश
ram


