संगठनात्मक विचारों के आदान-प्रदान से संगठन को मिलेगी मजबूती, संगठन का निर्णय सर्वोपरि: अजेय कुमार

ram

जयपुर । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय जयपुर में भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग, प्रवक्ता-पैनेलिस्ट, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने मीडिया, प्रवक्ता, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत संगठनात्मक चर्चा की। उन्होंने सभी प्रवक्ताओं एवं पदाधिकारियों से परिचयात्मक संवाद करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के विषय पर विचार-विमर्श किया। अजेय कुमार ने कहा कि संगठनात्मक विचारों के सतत आदान-प्रदान से संगठन को मजबूती मिलती है। पार्टी के प्रवक्ताओं एवं मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे भाजपा की नीतियों, विचारधारा तथा संगठन के कार्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का एक ही ध्येय होना चाहिए कि मेरी सरकार, सबसे अच्छी सरकार, इस भावना को ध्यान में रखते हुए चौपाल, सोशल मीडिया पर प्रचार—प्रसार करें। उन्होंने कहा कि संगठन हित की बातें सार्वजनिक रूप से करें तथा संगठन का निर्णय सर्वोपरि है ऐसी भावना के साथ कार्य करें। भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के संविधान एवं संगठनात्मक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करता है। संगठन हित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जानी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशहित में लिए गए कठोर निर्णय और कुटनीतिक रणनीति के कारण आज भारत की वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने मीडिया, सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग के पदाधिकारियों से सकारात्मक संवाद, तथ्यात्मक प्रस्तुति और प्रभावी प्रचार-प्रसार संगठन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रभावी संवाद में निहित होती है। मीडिया, सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग वर्तमान समय में संगठन की विचारधारा, नीतियों और जनहितकारी कार्यों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को तथ्यपरक, सकारात्मक एवं जिम्मेदार संवाद के माध्यम से जनता के बीच पार्टी की रीति-नीति और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना चाहिए। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन के सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, आईटी विभाग प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, सोशल मीडिया विभाग प्रदेश संयोजक हिरेंद्र कौशिक, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा, विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप धनकड़ सहित पार्टी के प्रवक्ता, पैनेलिस्ट, आईटी और सोशल मीडिया के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *