रीको की विशेष पहल— कार्यस्थल पर मिलेंगी खेल सुविधाएं, युवा शीघ्र शुरू कर सकेंगे अपना उद्योग

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर रीको द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास और ‘प्लग एंड प्ले’ आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। रीको द्वारा प्लग एंड प्ले तथा स्पोर्ट्स फैसिलिटी के लिए आवेदन आमंत्रित किये थे. ऐसे 15 भूखंडों पर ई-बिडिंग हुई है। अतः इन 15 भूखंडों का रेंटल बेसिस पर आवंटन किया जा रहा है, जिसमें 12 भूखंड खेल सुविधाएं और 3 भूखंड ‘प्लग एंड प्ले’के लिए है। जयपुर जिले में सीतापुरा फेज-तृतीय, अपैरल पार्क और बगरू (छितरौली), कोटा के इंद्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र, जोधपुर के बोरानाडा, सिरोही के आबू रोड (अर्बुदा), खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी (कारोली), झुंझुनू-द्वितीय, अजमेर के किशनगढ़, पाली फेज-IV, सवाई माधोपुर के खेरड़ा और सीकर के रींगस विस्तार औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के लिए भूखंडों का आवंटन किया जा रहा है। जयपुर जिले के सीतापुरा फेज-तृतीय, जोधपुर के बोरानाडा स्थित एग्रो फूड पार्क तथा कोटा के एग्रो फूड पार्क (रानपुर) में प्लग एंड प्ले के लिए भूखंडों का आवंटन किया जा रहा है। इन आवंटित किये जा रहे भूखंडों का कुल क्षेत्रफल करीब 9 एकड़ है, जिससे करीब 228 लाख रूपए का वार्षिक किराया रीको को प्राप्त होगा। उक्त भूखंडों का आवंटन 15 वर्षों के लिए किया जा रहा है। तत्पश्चात 10 वर्षों का विस्तार भी नियमानुसार दिया जा सकेगा। यह सुविधाएं नए उद्यमियों को बिना किसी शुरुआती निर्माण बाधा के तुरंत काम शुरू करने में मदद करेंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *