हीटवेव में शरीर को अंदर से ठंडा रखेगा ‘नीर मोरू’, नोट करें इस साउथ इंडियन ड्रिंक की आसान रेसिपी

ram

नई दिल्ली। भयंकर गर्मी और चिलचिलाती धूप में खुद को ठंडा रखने के लिए हम सभी किसी ठंडी, ताजा चीज की तलाश करते हैं। ऐसे में बाजार में मिलने वाले एयरेटेड ड्रिंक्स या पैक्ड जूस गर्मी से राहत दिलाने से ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। अगर आप इस गर्मी में कोई ऐसा नेचुरल और पारंपरिक ड्रिंक ढूंढ रहे हैं जो मिनटों में तैयार हो जाए और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो, तो नीर मोरू आपके लिए सबसे बेहतरीन ऑप्शन है। नीर मोरू दक्षिण भारत, खासकर तमिलनाडु का एक बेहद मशहूर और पारंपरिक ड्रिंक है। नीर का मतलब होता है पानी और मोरू का मतलब छाछ। यह एक तरह की मसालेदार पतली छाछ होती है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी और गर्मियों में इसके बेमिसाल फायदे।

नीर मोरू बनाने की आसान रेसिपी
सामग्री-
दही- 1 कप (ताजा और गाढ़ा)
पानी- 2 से 3 कप (ठंडा)
हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई या कुचली हुई)
अदरक- 1/2 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
कढ़ी पत्ता- 5-6 (बारीक कटे हुए)
हरा धनिया- 2 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
हींग- एक चुटकी
नमक या काला नमक- स्वादानुसार
बर्फ के टुकड़े- इच्छानुसार

बनाने की विधि-
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में एक कप ताजा दही लें और उसे व्हिस्कर की मदद से अच्छी तरह फेंट लें, ताकि उसमें कोई गुठली न रहे।
अब इसमें 2 से 3 कप ठंडा पानी मिलाएं और दोबारा मथें। नीर मोरू की खासियत इसका पतला होना है, इसलिए पानी की मात्रा अच्छी रखें।
इस पतली छाछ में कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, हरा धनिया, हींग और नमक डालें।
सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिला लें। आप चाहें तो इसे सर्व करने से पहले आधे घंटे के लिए फ्रिज में रख सकते हैं ताकि सारे मसालों का फ्लेवर छाछ में अच्छी तरह आ जाए। गिलास में निकालें, बर्फ डालें और ठंडी-ठंडी नीर मोरू का आनंद लें।
आप चाहें, तो इसमें राई और कढ़ी पत्ते का हल्का तड़का भी लगा सकते हैं।

गर्मी में नीर मोरू के फायदे
तुरंत हाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति- तेज गर्मी में पसीने के जरिए शरीर से पानी और जरूरी नमक बाहर निकल जाते हैं। नीर मोरू शरीर में पानी की कमी को दूर करता है और सोडियम व पोटैशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बनाए रखता है।
पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद- दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स और इसमें डाले गए अदरक व हींग पाचन क्रिया को दुरुस्त करते हैं। गर्मी में होने वाली एसिडिटी, गैस, और पेट फूलने की समस्या से यह तुरंत राहत दिलाता है।
शरीर को रखता है अंदर से ठंडा- इसकी तासीर बेहद ठंडी होती है। धूप से आने के बाद एक गिलास नीर मोरू पीने से शरीर का बढ़ा हुआ तापमान तुरंत कम होता है और हीट स्ट्रोक का खतरा टल जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *