जयपुर। राजस्थान सरकार की मंशा अनुरूप जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने एवं आमजन में जल बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के अंतर्गत जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में मंगलवार को जयपुर जिले के समस्त ब्लॉक मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जन-जागरूकता एवं जल संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान में जल संरक्षण एवं जन सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया तथा आमजन को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इसके साथ ही नवीन अमृत सरोवर, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन संरचनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन तथा पूर्ण कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण की अग्रिम तैयारियां की गईं। ओरण एवं चारागाह क्षेत्रों का चिन्हांकन कर घास बुवाई एवं पौधारोपण की तैयारी सुनिश्चित की गई। “कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान” में स्वीकृत कार्यों का अवलोकन एवं नवीन कार्यों की स्वीकृति भी दी गई। जल संबल जन सहभागिता 2.0 पोर्टल पर इन्द्राज किया गया। जिला प्रशासन ने आमजन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की ताकि जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
जयपुर में “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
ram


