जयपुर। राज्य के उपमुख्यमंत्री व जिला प्रभारी मंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को भीलवाड़ा जिले के त्रिवेणी संगम पर जिला स्तरीय वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आह्वान पर 25 मई से 5 जून तक संपूर्ण प्रदेश में यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण एवं जल संग्रहण को जन जागरण के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है। अभियान के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभाग मानसून पूर्व वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, नवीन जल संरचनाओं के निर्माण, परंपरागत जल स्रोतों के पुनरुद्धार, जल स्रोतों की साफ-सफाई तथा हरियालो राजस्थान वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों से संबंधित गतिविधियां संचालित करेंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत, जल पूजन, कलश यात्रा एवं जलाभिषेक के साथ हुई। इसके पश्चात पौधारोपण एवं पीपल पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री बैरवा ने कहा कि राजस्थान केवल वीरों की भूमि ही नहीं बल्कि प्रकृति संरक्षण की संस्कृति को संजोने वाली धरती है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने सदियों से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए बावड़ियां, तालाब एवं कुएं बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल केवल पदार्थ नहीं बल्कि जीवन, संस्कृति और प्रकृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जल संकट की चुनौती का सामना कर रही है तथा जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जल संचयन, नदियों के संरक्षण एवं भूजल स्तर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद आमजन को जल संचय एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया।

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 त्रिवेणी संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन के साथ उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने किया भीलवाड़ा में जिला स्तरीय अभियान का आगाज
ram


